हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महाराजगंज। परतावल विकास खंड के ग्राम पंचायत सेमरा चंदौली में निर्माणाधीन बरात घर को लेकर उठी शिकायतों के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है। परफॉर्मेंस ग्रांट के तहत बन रहे इस भवन की गुणवत्ता और मानकों को लेकर मिली शिकायत पर गठित जांच टीम ने सोमवार को मौके का निरीक्षण किया।
मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर गठित टीम में ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता और जल निगम के सहायक अभियंता शामिल रहे। टीम ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर कार्य की गुणवत्ता, उपयोग की जा रही सामग्री और स्वीकृत मानकों के अनुपालन की बारीकी से जांच की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि पूरी जांच रिपोर्ट तीन दिन के भीतर संबंधित उच्चाधिकारियों को सौंप दी जाएगी। उधर, ग्राम प्रधान सचिन सिंह ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि करीब 3.37 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे बरात घर में डीपीआर और तय मानकों की अनदेखी की जा रही है।
फिलहाल जांच टीम द्वारा जुटाए गए तथ्यों के आधार पर रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।


