एसडीएम ने अनशन स्थल पहुंचकर की वार्ता, निष्पक्ष जांच के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने खत्म किया आंदोलन
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज। सिसवा ब्लॉक के ग्राम सभा चनकौली में विकास कार्यों में कथित अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर चल रहा ग्रामीणों का क्रमिक अनशन आठवें दिन समाप्त हो गया। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच कराने के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपना आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रधान और सचिव पर विकास कार्यों में गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए ग्रामीण पिछले कई दिनों से विरोध जता रहे थे। इसी क्रम में जिला मुख्यालय पर ग्रामीणों ने क्रमिक अनशन शुरू किया था। आंदोलनकारियों का कहना था कि ग्राम सभा में कराए गए कई कार्यों में पारदर्शिता नहीं बरती गई है और इसकी जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
अनशन के आठवें दिन संबंधित मंडल के एसडीएम अनशन स्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर ग्रामीणों की शिकायतों की गंभीरता से जांच कराई जाएगी। प्रशासन की इस पहल और आश्वासन के बाद अनशन पर बैठे ग्रामीणों ने अपना आंदोलन समाप्त करने की घोषणा कर दी।
ग्रामीणों ने कहा कि यदि तय समय सीमा के भीतर जांच नहीं कराई गई तो वे दोबारा आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस दौरान समाजसेवी रामसनेही निषाद, अवधेश कुमार, श्रीराम सैनी, रवि धारिया, वल्लू शर्मा, हरिपाल निषाद, सुकई भारती, महेंद्र भारती, निरंजन और सुभाष सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।


