जंगल में पेड़ से लटका मिला अज्ञात युवक का शव, क्षेत्र में सनसनी

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


पनियरा/महराजगंज। जिले के पनियरा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बभनौली–परतावल मार्ग के पास स्थित जंगल में शुक्रवार को एक अज्ञात युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पनियरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।


जानकारी के अनुसार शुक्रवार को कुछ ग्रामीण जंगल में लकड़ी बीनने गए थे। इसी दौरान उनकी नजर साखू के एक सूखे पेड़ से फंदे के सहारे लटक रहे युवक के शव पर पड़ी। यह दृश्य देखते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और उन्होंने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।


सूचना पाकर पनियरा थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।


बताया जा रहा है कि मृतक युवक फुल पैंट और शर्ट पहने हुए था, लेकिन उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।


इस संबंध में थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव करीब 8 से 10 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में युवक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *