हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
परतावल / महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के बड़हरा बरईपार स्थित नूर एचपी गैस एजेंसी द्वारा उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए होम डिलीवरी सेवा की शुरुआत कर दी गई है। शुक्रवार से शुरू हुई इस व्यवस्था के तहत अब उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी या गोदाम तक नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि बुकिंग के बाद सिलेंडर सीधे उनके घर तक पहुंचाया जाएगा।


शुक्रवार को श्यामदेउरवा क्षेत्र में गैस वितरण के लिए वाहन भेजा गया, जिसके माध्यम से उपभोक्ताओं के घर-घर सिलेंडर पहुंचाने की व्यवस्था की गई। होम डिलीवरी के साथ एक सिलेंडर की कीमत 975 रुपये निर्धारित की गई है।
नूर एचपी गैस सर्विस के प्रोपराइटर इबनुल हसन ने बताया कि उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन या मोबाइल के माध्यम से बुकिंग करनी होगी। बुकिंग के बाद एजेंसी द्वारा सिलेंडर सीधे उपभोक्ताओं के घर तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि गोदाम में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और क्षेत्र में किसी प्रकार की किल्लत नहीं है। सभी उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अनावश्यक भीड़ से बचने के लिए ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से ही गैस प्राप्त करें।


