गैस संकट को लेकर सपा का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

महराजगंज जिले में रसोई गैस की किल्लत को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ता गैस सिलेंडर लेकर कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपकर गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।


प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सपा जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव ने कहा कि रसोई और व्यावसायिक गैस की कमी से आम जनता गंभीर परेशानियों का सामना कर रही है। इसके बावजूद सरकार स्थिति सामान्य होने का दावा कर रही है, जो वास्तविकता से कोसों दूर है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश सरकार के साथ ही स्थानीय प्रशासन भी गैस संकट को लेकर सही जानकारी जनता के सामने नहीं रख रहा है।


उन्होंने कहा कि गैस की कमी के चलते कई परिवारों को लकड़ी या अन्य वैकल्पिक साधनों से खाना बनाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के सामने भी रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। बाहर पढ़ाई कर रहे छात्र भी भोजन की व्यवस्था को लेकर परेशान हैं।
सपा नेताओं ने मांग की कि जिले में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई हो तथा गैस एजेंसियों की मनमानी पर रोक लगाई जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय करने की मांग की गई।


प्रदर्शन के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष रामलाल यादव, बाबा साहब आंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रवण पटेल, जिला उपाध्यक्ष अमरनाथ यादव उर्फ लल्ला यादव, प्रणय गौतम, सुमन ओझा, बिद्रेश कन्नौजिया, संतोष कृष्ण त्रिपाठी, नौशाद आलम और पूर्व विधायक श्रीपत आजाद सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *