आरोग्य मेले का डीएम-सीडीओ ने किया निरीक्षण, गंदगी पर प्रभारी को लगाई फटकार

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


महराजगंज, 08 मार्च 2026। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महदेवा में आयोजित आरोग्य मेले का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मेले में आए मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। इस दौरान कुल 35 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाएं वितरित की गईं। अस्पताल में डायरिया से पीड़ित रितु, निवासी पतरपुरवा महदेवा दुबे, भर्ती पाई गईं, जिनका स्वास्थ्य संतोषजनक बताया गया।


निरीक्षण के दौरान पीएचसी परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक न मिलने पर जिलाधिकारी ने केंद्र प्रभारी डॉ. सी.बी. पाण्डेय के प्रति नाराजगी जताते हुए कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने संबंधित ग्राम प्रधान के साथ समन्वय बनाकर परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।


जिलाधिकारी ने परिसर में स्थित डॉक्टर आवास के जर्जर होने पर उसे निष्प्रयोज्य घोषित कर गिराने का निर्देश दिया, ताकि किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके। साथ ही अस्पताल भवन में रंग-रोगन शीघ्र कराने को भी कहा।
इसके अलावा कोरोना काल में ऑक्सीजन प्लांट के लिए बनाए गए भवन के अनुपयोगी पाए जाने पर उसकी साफ-सफाई कराकर उपयोग में लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आयुष्मान कार्ड की स्थिति और दवाओं की एक्सपायरी की भी जांच की गई।


इस अवसर पर प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नवनाथ प्रसाद, एसडीएम शैलेन्द्र कुमार गौतम, तहसीलदार वशिष्ठ वर्मा, रामप्रभेश सिंह सहित अस्पताल के कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *