हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
परतावल / महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के नटवा जंगल गांव में एक युवक के साथ मारपीट कर उसे छत से नीचे फेंक देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित की मां की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार नटवा जंगल (दक्षिण टोला) निवासी सोनमति पत्नी मोछनदर यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चार मार्च की रात करीब 10 बजे गांव के ही कमलेश गुप्ता, पूजा गुप्ता, पूजा का पति तथा मुकेश गुप्ता निवासी नटवा जंगल टोला भरटोलिया ने उनके बेटे कमलेश यादव को किसी काम के बहाने अपने घर बुलाया।
आरोप है कि युवक के पहुंचते ही आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी और लाठी-डंडों, लोहे की रॉड तथा लात-घूंसों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। पीड़िता के मुताबिक मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसके बेटे को छत से नीचे फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और जमीन पर गिरकर तड़पता रहा।
घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर ले गए, जहां उसका उपचार चल रहा है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


