हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। सिसवा ब्लॉक के ग्राम सभा चनकौली में कथित भ्रष्टाचार और विकास कार्यों में अनियमितता के आरोपों को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन लगातार जारी है। ग्राम पंचायत के प्रधान और सचिव के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों का क्रमिक अनशन जिला मुख्यालय पर तीसरे दिन भी चलता रहा।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया है और फर्जी भुगतान किए गए हैं। इस संबंध में ग्रामीणों द्वारा पहले ही जिलाधिकारी को शिकायत पत्र देकर जांच की मांग की गई थी, जिस पर जांच के आदेश भी दिए गए थे। लेकिन अभी तक जांच पूरी कर रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
अनशन पर बैठे ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि जांच को शीघ्र पूरा कर रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

अनशन में समाजसेवी रामसनेही निषाद के साथ अवधेश कुमार, श्रीराम सैनी, रवि धारिया, वल्लू शर्मा, हरिपाल निषाद, सुकई भारती, महेंद्र भारती, निरंजन और सुभाष सहित कई ग्रामीण शामिल रहे।

