हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल/महराजगंज। नगर पंचायत परतावल के मुख्य बाजार चौराहे पर रविवार को बजरंग शाखा के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए अब्दुल्ला सलीम का पुतला फूंका। प्रदर्शन का नेतृत्व बजरंग शाखा के अध्यक्ष एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य काशीनाथ सिंह ने किया।
बताया गया कि अब्दुल्ला सलीम द्वारा प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath के संबंध में की गई कथित टिप्पणी से नाराज कार्यकर्ता बाजार के मुख्य चौराहे पर एकत्र हुए और विरोध जताया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पुतले को चौराहे पर लाकर दहन किया। प्रदर्शन के दौरान “योगी आदित्यनाथ जिंदाबाद” और “देश विरोधी ताकतों मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए गए।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे काशीनाथ सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ किसी भी प्रकार की अभद्र टिप्पणी समाज स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ प्रदेश में सुशासन, कानून व्यवस्था और विकास के प्रतीक हैं, इसलिए उनके खिलाफ की गई टिप्पणी से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए अब्दुल्ला सलीम के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक पदों पर बैठे नेताओं के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करने से पहले सोचे।
प्रदर्शन के दौरान रमेश गुप्ता, श्रीराम गुप्ता, रविंद्र मद्धेशिया, संतोष मद्धेशिया, प्रभाव मद्धेशिया, जयप्रकाश, डॉ. बैजनाथ, सतीश जायसवाल, ओसिया यादव, व्यापार मंडल अध्यक्ष राजकुमार शर्मा, श्याम उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं पुलिस और प्रशासन की निगरानी में प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।


