बांसपर कोठी में ज्वलनशील पदार्थ डालकर अपने ही पति को जलाने वाली महिला गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


सोते समय पति को जिंदा जलाने का आरोप, न्यायिक अभिरक्षा में भेजी गई

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज।श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बासपार कोठी टोला पिपरा में सोमवार भोर में हुए सनसनीखेज हत्याकांड की  नामजद अभियुक्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। महिला पर आरोप है कि उसने अपने पति को सोते समय घर में आग लगाकर जिंदा जला दिया और बाहर से ताला बंद कर फरार हो गई।


पुलिस के अनुसार, 3 मार्च 2026 की सुबह ग्राम चौकीदार द्वारा सूचना दी गई कि बासपार कोठी टोला पिपरा निवासी लगभग 65 वर्षीय रामपत की संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलसकर मृत्यु हो गई है। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का पाया गया। इस संबंध में थाना श्यामदेउरवा पर मु0अ0सं0 61/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।


बाहर से बंद मिला घर, अंदर जली अवस्था में मिला शव


जांच के दौरान पता चला कि मृतक की पत्नी सुमित्रा पर ही आग लगाकर हत्या करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद वह घर को बाहर से बंद कर मौके से फरार हो गई थी। घटना से गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।


प्राथमिक विद्यालय के पास से गिरफ्तारी


पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए दोपहर करीब 12:45 बजे धनहा बैजौली स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास से अभियुक्ता को हिरासत में ले लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।


पूर्व में भी दर्ज है गंभीर मामला


पुलिस अभिलेखों के अनुसार, गिरफ्तार महिला के विरुद्ध पूर्व में भी जानलेवा हमले से संबंधित मामला दर्ज है। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की गहनता से जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।


इस सनसनीखेज वारदात से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। ग्रामीणों में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *