बलहीखोर में दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार युवक की मौत

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी


सिसवा बाजार/महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के बलही खोर गांव के पास सोमवार को हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।


पुलिस के अनुसार, निचलौल थाना क्षेत्र के सिंहपुर निवासी मुन्ना पासवान (30 वर्ष) पुत्र शिव पासवान सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे अपनी मोटरसाइकिल (संख्या UP56 BE 7565) से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान बलहीखोर के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।


घटना की सूचना जिला अस्पताल से मेमो के माध्यम से कोठीभार पुलिस को मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष कोठीभार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। समाचार लिखे जाने तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई थी। पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

इस हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा और वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *