पूर्व माध्यमिक विद्यालय जड़ार में धूमधाम से मना होली मिलन समारोह

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


पनियरा (महराजगंज)। महाराजगंज जनपद के विकासखंड पनियरा अंतर्गत ग्राम पंचायत जड़ार में पूर्व माध्यमिक विद्यालय पर पावन पर्व होली के उपलक्ष्य में होली मिलन समारोह हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।


कार्यक्रम का शुभारम्भ विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा होली के इतिहास, परंपरा और धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए किया गया। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि बुराई पर अच्छाई की विजय, प्रेम, भाईचारे और आपसी सद्भाव का प्रतीक है। साथ ही विद्यार्थियों को प्राकृतिक रंगों के प्रयोग, पानी की बचत तथा सुरक्षित एवं मर्यादित ढंग से होली मनाने की सीख दी।


इस अवसर पर विज्ञान शिक्षक ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण से रंगों की संरचना एवं निर्माण प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने रासायनिक रंगों से त्वचा और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में सरल शब्दों में समझाते हुए बच्चों को प्राकृतिक एवं सुरक्षित रंगों के उपयोग के लिए प्रेरित किया।
अन्य शिक्षकों ने भी होली के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं नैतिक महत्व पर विचार व्यक्त करते हुए स्वच्छ, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।


समारोह के अंत में विद्यार्थियों के बीच गुझिया एवं विभिन्न प्रकार के चिप्स वितरित किए गए। समापन अवसर पर विद्यालय परिवार एवं विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर एवं गले मिलकर होली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।


संपूर्ण कार्यक्रम सौहार्द, अनुशासन एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *