हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज जिले के विकास खण्ड घुघली अंतर्गत ग्राम सभा लक्ष्मीपुर देउरवा में स्थित पैरामाउण्ट इण्टरमीडिएट कालेज आशीर्वाद व विदाई समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इसी के क्रम मे पैरामाउण्ट इण्टरमीडिएट कालेज के प्रांगण में कक्षा 10 के विद्यार्थियों के लिए भव्य आशीर्वाद समारोह व कक्षा 12 के विद्यार्थियों के लिए भावभीनी विदाई समरोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधक बृजेश कुमार पाण्डेय के करकमलों द्वारा मां शारदे के चित्र पर माल्यार्पण तथा वंदन से किया गया। कालेज के प्रबंधक बृजेश कुमार पाण्डेय ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने शिक्षा काल में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है और भविष्य में भी वे इसी तरह सफलता प्राप्त करेंगे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य नवीन कुमार पाण्डेय ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि उन्हें आगामी बोर्ड परीक्षा में विद्यालय की गरिमा के अनुरूप परिणाम लाकर अपने माता-पिता और गुरुजनों को गौरवान्वित करना चाहिए।
पैरामाउण्ट इंग्लिश स्कूल के डायरेक्टर संगम पाण्डेय ने कड़ी मेहनत, समय प्रबंधन और राष्ट्र सेवा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को जुनून के साथ अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया। छात्र-छात्राएं बीत गए समय पर ध्यान न दें और कहा कि उज्ज्वल भविष्य बनाने के लिए कड़ी मेहनत करें।
इस अवसर पर विद्यालय के अन्य शिक्षक भी विद्यार्थियों को अपने आशीर्वचनों से अभिसिंचित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना किए और सफलता प्राप्ति हेतु अपने आशीर्वाद दिए।
कक्षा 9 के विद्यार्थियों द्वारा कक्षा 10 के विद्यार्थियों को तथा कक्षा 11 के विद्यार्थियों द्वारा कक्षा 12 के विद्यार्थियों को परीक्षा में काम आने वाली सामग्रियों को उपहार स्वरूप भेंट किया गया।
इस समरोह में विभिन्न छात्र छात्राओं ने विद्यालय के नैतिकता, भव्यता,अनुशासन ,कुशल व योग्य अध्यापकों के अध्यापन की प्रशंसा करते हुए अपने अनुभवों को भी साझा किया।

