हर्षोदय टाइम्स / सुनील मणि त्रिपाठी
धानी बाजार/ महराजगंज। धानी क्षेत्र पंचायत स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एक बार फिर विवादों में घिर गया है। शनिवार देर रात उपचार के लिए पहुंची एक युवती के साथ केंद्र पर कार्यरत एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी द्वारा कथित रूप से छेड़खानी किए जाने का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती दवा कराने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची थी। आरोप है कि उपचार के बहाने कर्मचारी ने उसके साथ अश्लील हरकत की। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने आरोपी कर्मचारी को अस्पताल के एक कमरे में बंधक बना लिया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए आरोपी कर्मचारी को अपने कब्जे में ले लिया और उसे थाना बृजमनगंज भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लिखित तहरीर मिलने पर मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहले भी अव्यवस्थाओं और अनियमितताओं की शिकायतें सामने आती रही हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की जाती।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।


