समाधान दिवस में डीएम–एसपी ने सुनीं जन शिकायतें, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज, 28 फरवरी 2026। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना ने समाधान दिवस के अवसर पर थाना श्यामदेउरवा में जन शिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान प्राप्त प्रार्थना पत्रों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


सुनवाई के क्रम में जिलाधिकारी ने ग्राम नटवा जंगल निवासी कैलाश साहनी द्वारा पूर्व में की गई शिकायत की स्थिति स्वयं मोबाइल फोन के माध्यम से जानी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी भूमि की पैमाइश कर दी गई है और वह निस्तारण से संतुष्ट हैं। इस पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाए।


समाधान दिवस में विमला पत्नी श्रवण (सेमरा चन्दौली, परतावल चौकी), परशुराम पुत्र जोखई (बसडीला उर्फ अमवा), सत्यनारायण पुत्र पूर्णवासी, रविन्द्रा देवी (पंचदेउरी), उदयभान तिवारी (लखिमा), अमरनाथ पुत्र सुखराम (बड़हरा बरईपार) तथा सुनिल कुमार कन्नोजिया (बसहिया बुजुर्ग) सहित अन्य शिकायतकर्ताओं ने भी अपनी समस्याएं रखीं। संबंधित मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


इस अवसर पर जिलाधिकारी ने आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने आमजन से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया तथा ग्रामीण क्षेत्रों की शांति व्यवस्था की जानकारी भी ली। साथ ही पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में सतत भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए।


थाना समाधान दिवस में थाना अध्यक्ष, संबंधित विभागीय अधिकारी, शिकायतकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *