पकड़ी सिसवा में दिव्य प्रतिमा का लोकार्पण,ऐतिहासिक समारोह में हजारों लोगों की रही भागीदारी

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 51 फीट प्रतिमा का उद्घाटन, भक्ति में डूबा क्षेत्र

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज/सिसवा बाजार। सिसवा ब्लॉक के पकड़ी सिसवा गांव में शुक्रवार को 51 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा का लोकार्पण समारोह भक्ति और उल्लास के बीच संपन्न हुआ। सदर विधायक जय मंगल कनौजिया ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमा का अनावरण किया। कार्यक्रम में उमड़े जनसैलाब ने पूरे क्षेत्र को उत्सव स्थल में बदल दिया।


समारोह की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन और तर्पण के साथ हुई। आयोजनकर्ता सतीश पांडे के नेतृत्व में विद्वान आचार्यों ने शतचंडी मां के प्रांगण में विधिवत अनुष्ठान संपन्न कराया। इसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।


सांस्कृतिक संध्या में झूमे श्रद्धालु


रात्रि में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ने माहौल को और भक्तिमय बना दिया। प्रख्यात कलाकार अमित अंजन ने भक्ति गीतों और साहित्यिक प्रस्तुतियों से श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। लोकधुनों पर देर रात तक श्रद्धालु झूमते रहे।


इस अवसर पर कुंवर धीरेंद्र प्रताप सिंह (ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि , सिसवा बाजार), सरवन सिंह, राजन विश्वकर्मा, करुणेश पांडे सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और आसपास के गांवों से आए सैकड़ों लोगों ने सहभागिता निभाई।


2021 में शुरू हुआ था निर्माण


जानकारी के अनुसार, 51 फीट ऊंची इस प्रतिमा का निर्माण कार्य वर्ष 2021 में प्रारंभ हुआ था, जो 27 फरवरी 2026 को पूर्णता को प्राप्त हुआ। स्थानीय श्रद्धालुओं का कहना है कि यह केवल एक मूर्ति नहीं, बल्कि क्षेत्र की आस्था, एकता और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है।


अब यह भव्य मंदिर और विशाल प्रतिमा सिसवा क्षेत्र में श्रद्धा का नया केंद्र बनकर उभरेगी तथा दूर-दूर से श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *