हर्षोदय टाइम्स बिमलेश कुमार पाण्डेय
महराजगंज। घुघली ब्लॉक परिसर स्थित बीडीओ आवास में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मरम्मत कार्य के दौरान एक विशाल कोबरा सांप निकल आया। क्षतिग्रस्त आवास को तोड़कर मरम्मत कर रहे मजदूरों की नजर जैसे ही सांप पर पड़ी, वे घबराकर काम छोड़कर बाहर भाग निकले। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सांप काफी बड़ा और फन फैलाए हुए था, जिससे मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए। सूचना मिलने पर घुघली वार्ड नंबर 10 निवासी दिलीप जायसवाल, जिन्हें सांप पकड़ने में दक्ष बताया जाता है, तत्काल मौके पर पहुंचे।
करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे पकड़ लिया गया। बताया जा रहा है कि रेस्क्यू के दौरान पूरी सावधानी बरती गई, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
कोबरा के निकलने की खबर से ब्लॉक परिसर में मौजूद अधिकारी और कर्मचारी भी सहम गए। गनीमत रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। रेस्क्यू के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।


