झूठे मुकदमे में फंसाने के आरोप में समाजसेवी ने कोठीभार थाने में प्रार्थना पत्र देकर लगाई न्याय की  गुहार

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी

महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम कटहरी कला निवासी सरफराज पुत्र इकबाल ने गांव के ही कुछ लोगों पर रंजिशवश झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है।

समाजसेवी सरफराज के अनुसार, गांव के निजामुद्दीन पुत्र उस्मान एवं उनके भाइयों द्वारा सार्वजनिक खलिहान की भूमि पर कब्जा कर पक्का निर्माण कराया गया है, जिसके संबंध में उन्होंने बेदखली का मुकदमा दायर किया है और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी प्रचलित है। इसी रंजिश के चलते उन्हें साजिशन एक अन्य प्रकरण में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है।

बताया गया कि 18 फरवरी 2026 को गांव की एक महिला के घर कथित चोरी की घटना हुई थी, जिसमें मुख्तार पुत्र नासिर, निजामुद्दीन पुत्र उस्मान और फिरोज पुत्र निजामुद्दीन के विरुद्ध 21 फरवरी 2026 को कोठीभार थाने में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ। सरफराज का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद उक्त आरोपितों में से एक ने उसी दिन देर रात अपनी पुत्री के साथ छेड़छाड़ की झूठी सूचना देकर 112 नंबर पर कॉल की और बाद में प्रार्थना पत्र देकर उन्हें भी नामजद करने का प्रयास किया।


सरफराज ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में कहा है कि 21 फरवरी की शाम से 23 फरवरी की सुबह तक वह अपने रिश्तेदारी में ग्राम कटहरा, जनपद महाराजगंज में मौजूद थे। उन्होंने अपने मोबाइल की लोकेशन एवं कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच कराने की मांग करते हुए स्वयं को निर्दोष बताया है।

प्रार्थी का यह भी कहना है कि संबंधित पक्ष के कुछ सदस्यों के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सामाजिक कार्यों और पीड़ितों की आवाज उठाने के कारण उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही हैं और झूठे मामलों में फंसाने की कोशिश की जाती है।

सरफराज ने पुलिस प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं में कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *