सिसवा बाजार में विकास की दिशा में बड़ा कदम, नगर पालिका बोर्ड बैठक में 29 करोड़ के प्रस्ताव स्वीकृत

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी

सिसवा बाजार/महराजगंज- नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार की नियत बोर्ड बैठक सोमवार को पालिका सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला जायसवाल ने की। सभासदों एवं संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में नगर हित से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की गई और उन्हें सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में अमृत पेयजल योजना, विभिन्न नगर विकास योजनाओं तथा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत वार्डों में निर्माण कार्य एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए 700 लाख रुपये की कार्ययोजना को मंजूरी दी गई। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री नगर विकास योजना के तहत सड़कों और नालियों के निर्माण तथा नगर सौंदर्यीकरण कार्यों के लिए 1000 लाख रुपये के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

इसके अतिरिक्त राज्य वित्त आयोग के तहत विभिन्न वार्डों में सीसी सड़क, नाली निर्माण, इंटरलॉकिंग तथा सामुदायिक सुविधाओं के विकास के लिए 1200 लाख रुपये की मंजूरी प्रदान की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 9400 लाख रुपये की अनुमानित आय एवं 9500 लाख रुपये के संभावित व्यय वाले बजट प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई। साथ ही निकाय सीमा क्षेत्र में संपत्तियों के सर्वे, पुनरीक्षण और कर वसूली से संबंधित प्रस्तावों पर भी सहमति जताई गई।
कुल मिलाकर सड़क, नाली, सीवर, पेयजल और नगर सौंदर्यीकरण से जुड़े लगभग 29 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को हरी झंडी दी गई।

नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला जायसवाल ने कहा कि ये योजनाएं नगर के समग्र विकास को नई दिशा देंगी तथा नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *