डीएम के जरिए सीएम को भेजा ज्ञापन, शीघ्र भुगतान न होने पर आंदोलन की दी चेतावनी
महराजगंज जनपद के ग्राम रोजगार सेवकों में पिछले सात माह से लंबित मानदेय को लेकर असंतोष गहराता जा रहा है। उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ की जिला इकाई महराजगंज के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन प्रेषित कर बकाया मानदेय के तत्काल भुगतान की मांग उठाई है।
संघ के जिलाध्यक्ष एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद ने बताया कि अगस्त 2025 से अब तक ग्राम रोजगार सेवकों को मानदेय प्राप्त नहीं हुआ है। इससे उनके समक्ष आर्थिक संकट की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। उनका कहना है कि ग्राम रोजगार सेवक मनरेगा सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में पंचायत स्तर पर अहम जिम्मेदारी निभाते हैं, बावजूद इसके उन्हें समय पर पारिश्रमिक नहीं मिल पा रहा है।
संघ के अनुसार लगातार भुगतान में देरी के कारण कई रोजगार सेवक कर्ज लेने को विवश हैं, जबकि कुछ परिवारों के सामने रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी चुनौती बन गया है। त्योहारों के दौरान आर्थिक दबाव और बढ़ जाने से मानसिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
ब्रह्मानंद ने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारियों को कई बार अवगत कराने के बावजूद अब तक समाधान नहीं निकला। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र ही बकाया मानदेय जारी नहीं किया गया तो ग्राम रोजगार सेवक आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान इंद्रमणि विश्वकर्मा, अंबिका प्रसाद, अनीता वर्मा, असगर अली, राजेश तिवारी, प्रमोद कुमार, बंधु मद्धेशिया (ब्लॉक अध्यक्ष घुघली), राहुल गुप्ता (ब्लॉक मंत्री घुघली), अंजना गुप्ता, संगीता पांडेय, राजेश प्रजापति, शिल्पी राय, गंगोत्री, रीता देवी, राजकुमार, अयोध्या, सर्वेश कुमार, बाबूराम, राम आशीष पटेल (ब्लॉक अध्यक्ष मिठौरा), राजेंद्र प्रसाद, धनराज, सदानंद पटेल, मोहन लाल सहित बड़ी संख्या में ग्राम रोजगार सेवक उपस्थित रहे।


