हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
महराजगंज। निचलौल तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत कटहरी खुर्द में दूसरे गांव के प्रधान मोहिद्दीन अंसारी पुत्र उस्मान अंसारी द्वारा लगभग पिछले 30 वर्षों से कब्जा की गई भूमि को राजस्व विभाग की टीम ने आखिरकार मुक्त करा दिया। लंबे समय से विवादित चल रही इस जमीन को लेकर ग्रामीणों द्वारा लगातार शिकायतें की जा रही थीं, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त भूमि पर दूसरे गांव के प्रधान ने वर्ष 1995 से अवैध रूप से कब्जा कर रखा था। ग्रामीणों का आरोप था कि कई बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हो पा रही थी। उसी गाँव के युवा नेता सरफराज ने मुख्यमंत्री से मिलकर न्याय की मांग की। हाल ही में मामले की पुनः जांच कराई गई, जिसमें कब्जा अवैध पाया गया।
तहसील प्रशासन की टीम राजस्व विभाग मौके पर पहुंची। प्रशासन ने पैमाइश कर ट्रैक्टर की मदद से अवैध कब्जा हटवाते हुए जमीन को ग्राम समाज के खाते में पुनः दर्ज कराया। कार्रवाई के दौरान मौके पर कानूनगो, लेखपाल सहित राजस्व टीम मौजूद रही।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सरकारी या ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि वर्षों बाद उन्हें न्याय मिला है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जमीन मुक्त होने से अब गांव के विकास कार्यों का रास्ता साफ होगा।


