संपत्ति विवाद में पोते का खूनी हमला, पनियरा में दादा गंभीर रूप से घायल
महाराजगंज जनपद के पनियरा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत स्थित शांति नगर चौराहे पर शुक्रवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। वार्ड नंबर 11 निवासी 62 वर्षीय शमीम अंसारी, जो ‘अंसारी ज्वेलर्स’ नाम से दुकान चलाते हैं, पर उनके ही 21 वर्षीय पोते लतीफ ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि संपत्ति को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद के बीच यह वारदात हुई। अचानक हुए हमले से बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लतीफ दोपहर करीब तीन बजे दुकान पर पहुंचा और कुछ ही देर बाद पीछे से दादा के गले पर चाकू से वार कर दिया। जान बचाने के प्रयास में शमीम अंसारी ने चाकू पकड़ लिया, जिससे उनके दाहिने हाथ की दो उंगलियां भी गंभीर रूप से कट गईं। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अधिदेव के मुताबिक, गले के दाहिने हिस्से में गहरा घाव है और समय रहते बचाव न होता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है।
घटना के बाद आरोपी स्वयं थाने पहुंच गया और पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह का कहना है कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है।


