हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज/भैरहवा। भारत और नेपाल के पत्रकारों के बीच खेली गई द्वितीय नेपाल–भारत मैत्री क्रिकेट प्रतियोगिता में महाराजगंज प्रेस क्लब ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने लुम्बिनी प्रेस क्लब (नेपाल) को 9 रन से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले महाराजगंज प्रेस क्लब के खिलाड़ी अनुज शुक्ला को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ चुना गया।
नेपाल के भैरहवा में लुम्बिनी प्रेस क्लब के आयोजन और रुपन्देही क्रिकेट संघ के सह-आयोजन में हुई प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 145 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में लुम्बिनी प्रेस क्लब की टीम निर्धारित ओवरों में 136 रन ही बना सकी। नेपाल के सचिन चौधरी ने नाबाद संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके।
प्रतियोगिता में नेपाल के सचिन चौधरी को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, प्रकाश न्यौपाने को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज तथा दीपेन्द्र बडुवाल को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक का पुरस्कार दिया गया। विजेता महाराजगंज प्रेस क्लब को ट्रॉफी, नगद पुरस्कार, प्रमाणपत्र और मेडल से सम्मानित किया गया, जबकि उपविजेता लुम्बिनी प्रेस क्लब को भी नगद पुरस्कार, प्रमाणपत्र एवं मेडल प्रदान किए गए।
पुरस्कार वितरण समारोह में लुम्बिनी प्रदेश के युवा एवं खेल मंत्री संतोष कुमार पाण्डेय ने कहा कि खेल भारत और नेपाल के बीच मित्रता, विश्वास और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम है। उद्घाटन अवसर पर सिद्धार्थनगर नगरपालिकाध्यक्ष इश्तियाक अहमद खान ने ऐसे आयोजनों को दोनों देशों के लोगों के बीच आत्मीयता बढ़ाने वाला बताया। उद्योगपति राजेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं भारत-नेपाल संबंधों को नई ऊर्जा प्रदान करती हैं।
महाराजगंज प्रेस क्लब के अध्यक्ष अमित त्रिपाठी ने कहा कि इस प्रतियोगिता की सबसे बड़ी उपलब्धि दोनों देशों के पत्रकारों के बीच खेल भावना, संवाद और भाईचारे का मजबूत संदेश है। वहीं लुम्बिनी प्रेस क्लब के अध्यक्ष कमल रायमझी ने कहा कि मीडिया कप का उद्देश्य पत्रकारों के बीच आपसी सहयोग और मित्रता को और सुदृढ़ करना है।

