ससुराल जाते समय ट्रेलर से भिड़ी बाइक, 26 वर्षीय युवक की मौत

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


चार माह की गर्भवती पत्नी के इलाज के लिए साली को बुलाने निकला था, परिवार में मचा कोहराम

महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के छपिया गांव के समीप 17 फरवरी की सुबह हुए सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक बाइक से अपने ससुराल जा रहा था, तभी सामने से आ रहे ट्रेलर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उपचार के दौरान बुधवार तड़के करीब तीन बजे उसकी मृत्यु हो गई।

मृतक निचलौल थाना क्षेत्र का  रहने वाला है । बताया गया कि उसकी पत्नी प्रिया चार माह की गर्भवती है और इलाज में सहयोग के लिए वह अपनी साली को बुलाने तरकुलवा भटगांवा जा रहा था। युवक पंजाब के लुधियाना में मजदूरी करता था और चार दिन पहले ही घर लौटा था।


हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी समेत बड़ी बहन शोभा (22), छोटी बहन ज्योति (18) और छोटे भाई मंजीत (16) का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया। देर शाम अंतिम संस्कार कर दिया गया। इलाके में इस घटना को लेकर शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *