धनहा नायक स्थित जीडी नेशनल स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में छात्रों ने समझाया राष्ट्रीय चिन्हों का महत्व
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल /महाराजगंज। परतावल ब्लॉक के धनहा नायक स्थित जीडी नेशनल स्कूल में गुरुवार को विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रीय प्रतीकों पर आधारित एक प्रभावशाली लघु नाटिका का मंचन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य देश के राष्ट्रीय चिन्हों के महत्व को रेखांकित करना और विद्यार्थियों के साथ-साथ समाज को इनके प्रति जागरूक करना था।
नाटिका के माध्यम से बच्चों ने संदेश दिया कि हमारी राष्ट्रीय पहचान हमारे राष्ट्रीय प्रतीकों से ही निर्मित होती है। विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय गान, राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रीय ध्वज, राष्ट्रीय पशु, पक्षी, फल, पुष्प और वृक्ष के बारे में विस्तार से जानकारी प्रस्तुत करते हुए सभी नागरिकों से इनके सम्मान और संरक्षण का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों के आत्मविश्वास और प्रस्तुति शैली ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम संयोजक चंदन गुप्ता तथा प्रधानाचार्य ए०के० ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन से विद्यार्थियों में देशभक्ति और जागरूकता की भावना विकसित होती है।
नाटिका में मनीषा गुप्ता, अमित, आदर्श, अंशिका, स्वतंत्र, आर्यन, शिवम, युवराज और मानवी सहित कई विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय परिवार का सराहनीय योगदान रहा।


