नेपाल बॉर्डर पर ठूठीबारी पुलिस की कार्रवाई, चोरी के सामान संग दो आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज



कम्प्रेसर मशीन, बाइक समेत कई सामान बरामद, नेपाल के रहने वाले हैं दोनों अभियुक्त


महराजगंज। नेपाल सीमा से सटे ठूठीबारी क्षेत्र में पुलिस ने चोरी के सामान के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।


अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन व क्षेत्राधिकारी निचलौल के पर्यवेक्षण में थाना ठूठीबारी पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि राजाबारी-नौतनवा मार्ग के पास सागौन के बगीचे के निकट दो संदिग्ध व्यक्ति नेपाल की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर सामान इकट्ठा कर रहे हैं।


सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक नेपाली नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल और चोरी से संबंधित सामान बरामद हुआ। बरामद सामान में एक एयर कम्प्रेसर मशीन, सरिया, लोहे का पाइप व अन्य उपकरण शामिल हैं।


पुलिस के अनुसार, बरामद सामान मुकदमा संख्या 42/26 से संबंधित है। गिरफ्तार दोनों आरोपी नेपाल के नवलपरासी जिले के निवासी हैं, जिनकी पहचान पुस्तम राज केवट (28 वर्ष) और गौरव राज साहनी (19 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय में पेश कर दिया है।


इस दौरान थाना प्रभारी बृजेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक बब्बन प्रसाद वर्मा, कांस्टेबल मृत्युंजय तिवारी, बलवन्त यादव व वैभव यादव की टीम ने यह सफलता हासिल की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *