हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज। जनपद के विकास खंड पनियरा अंतर्गत ग्राम पंचायत सोहास के प्रधान प्रतिनिधि सतीश सिंह द्वारा जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) के साथ कथित अभद्रता का मामला सामने आने के बाद पंचायत कर्मियों संघ में रोष व्याप्त है। सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सेवा संघ ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए जिलाधिकारी से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
संघ की ओर से जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि सतीश सिंह ने 1 अप्रैल 2026 को डीपीआरओ कार्यालय पहुंचकर अभद्र व्यवहार किया। साथ ही यह भी कहा गया कि संबंधित व्यक्ति का पूर्व में भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ व्यवहार ठीक नहीं रहा है। ज्ञापन में उल्लेख है कि तीन माह पूर्व वर्तमान सचिव को अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई थी। इसके अलावा ग्राम विकास अधिकारी हरिलाल के साथ मारपीट तथा पूर्व खंड विकास अधिकारियों और डीसी मनरेगा के साथ भी दुर्व्यवहार के आरोप लगाए गए हैं।
सहायक विकास अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष विनय पाण्डेय का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से विभागीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं और कर्मचारियों में भय का माहौल बना हुआ है। संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन के भीतर आरोपी के खिलाफ ठोस शासकीय कार्रवाई नहीं की गई, तो सभी पंचायत कर्मी सामूहिक रूप से कार्य बहिष्कार करेंगे।
इस दौरान सहायक विकास अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष विनय पाण्डेय, जिला महामंत्री गुड्ड प्रसाद, गुलाब पाठक, दिनेश पाठक, वीरेंद्र यादव ,नजीर अहमद ,कौशल किशोर सिंह ,बलिराम मौर्य एवं सफाई कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष प्रद्दुम्न सिंह रामजीत, सहित विभिन्न विकास खंडों के कर्मचारी मौजूद रहे।


