गैस एजेंसी पर कालाबाजारी के आरोप, जिला पूर्ति अधिकारी सख्त ,जांच के बाद होगी बड़ी कार्रवाई

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


उपभोक्ताओं के नाम पर फर्जी डिलीवरी का खुलासा, मोबाइल मैसेज बना सबूत


ग्रामीणों में आक्रोश, खुले बाजार में महंगे दामों पर बिक्री का आरोप


महराजगंज जनपद के बागापार स्थित श्री लक्ष्मी एचपी ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी एक बार फिर गंभीर आरोपों के चलते सुर्खियों में है। एजेंसी पर उपभोक्ताओं के नाम पर फर्जी गैस डिलीवरी दिखाकर सिलेंडरों की कालाबाजारी करने का मामला सामने आया है। प्रकरण के उजागर होते ही ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त हो गया है।


मामले का खुलासा तब हुआ जब ग्राम सभा के एक उपभोक्ता के मोबाइल नंबर पर गैस डिलीवरी का मैसेज प्राप्त हुआ। मैसेज में 22 मार्च 2026 को गैस बुकिंग और डिलीवरी पूर्ण होने की जानकारी के साथ कैश मेमो नंबर भी अंकित था, जबकि संबंधित उपभोक्ता को वास्तविक रूप से सिलेंडर मिला ही नहीं।


इस घटना के सामने आने के बाद अन्य ग्रामीणों ने भी इसी तरह की शिकायतें रखीं। ग्रामीणों का आरोप है कि एजेंसी संचालक उपभोक्ताओं की जानकारी का दुरुपयोग कर फर्जी डिलीवरी दर्ज कर रहे हैं और सिलेंडरों को खुले बाजार में 1300 से 1600 रुपये तक ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं को समय पर गैस नहीं मिल पा रही है और उन्हें मजबूरी में महंगे दामों पर सिलेंडर खरीदना पड़ रहा है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। पहले भी एजेंसी के खिलाफ शिकायतें की गई थीं, लेकिन कार्रवाई के अभाव में अनियमितताएं लगातार बढ़ती गईं। इस बार मोबाइल मैसेज जैसे ठोस प्रमाण सामने आने के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।


ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के साथ आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।



डीएसओ बोले ,जांच के बाद दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई


जिला पूर्ति अधिकारी एपी सिंह ने कहा कि मामला गंभीर है और इसकी जांच के आदेश दे दिए गए हैं। संबंधित टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *