हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के शनिवार को सिसवा आगमन पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। जगह-जगह फूल-मालाओं और स्वागत कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने अपने लोकप्रिय नेता के प्रति सम्मान और उत्साह का प्रदर्शन किया।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अपने दौरे की शुरुआत भाजपा कार्यकर्ता दीपक चौधरी मधवलिया और दीनानाथ सिंह बरवा द्वारिका आवास पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात के साथ की। इसके बाद वे काली माता मंदिर कोठीभार -भुजौली मोड़ पहुंचे, जहां ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि धीरेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में ग्राम प्रधानों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए पंकज चौधरी ने केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और वैश्विक स्तर पर नई पहचान हासिल की है। उन्होंने सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की अपील की।
प्रदेश अध्यक्ष ने अपने स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जिनके बल पर पार्टी लगातार जनता का विश्वास जीत रही है।
जनसभा के उपरांत पंकज चौधरी ने भूजौली स्थित बैजनाथ सिंह एवं धीरेंद्र प्रताप सिंह के आवास पर पहुंचकर मुलाकात की। इसके अलावा उन्होंने उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के सदस्य अमित अंजन के आवास तथा श्रीरामजानकी मंदिर तिराहे पर कार्यकर्ताओं एवं नगरवासियों से भेंट कर उनका अभिवादन स्वीकार किया।
इस दौरान सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, अजय श्रीवास्तव, संतोष सिंह, प्रमोद जायसवाल, अधिवक्ता मनोज केसरी, रणधीर सिंह, बृजेश पांडेय, नागेंद्र मल्ल, राजन विश्वकर्मा, धर्मनाथ खरवार, रज़ाउल अंसारी, बृजेश कुमार गुप्ता, राजेश यादव, संजय श्रीवास्तव, संजय मौर्य, दिनेश सोनी, जितेंद्र वर्मा, वैष्णो सोनी, जगरनाथ गोंड, राकेश कन्नौजिया सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान, भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
प्रदेश अध्यक्ष के दौरे को लेकर पूरे नगर में उत्साह का माहौल देखने को मिला और विभिन्न स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए।


