नौतनवा/महराजगंज। नौतनवा विकास खंड क्षेत्र के ग्राम शेष फरेन्दा में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में मासूम बच्चे की जान चली गई। गांव की पोखरी पर बने सुंदरीकरण गेट के अचानक ढह जाने से बच्चा मलबे के नीचे दब गया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को परिजन तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, बच्चा पोखरी के पास खेल रहा था, तभी अचानक सुंदरीकरण के लिए निर्मित गेट भरभराकर गिर पड़ा और वह उसकी चपेट में आ गया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मासूम की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि घटिया निर्माण सामग्री और लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों से भी घटना की जांच कराए जाने की मांग उठने लगी है।
मृतक के दादी की बाइट

