दुग्ध उत्पादों की जांच तेज, दो दिनों में 10 नमूने संग्रहित

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ, जिलाधिकारी महराजगंज तथा प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य) के.के. उपाध्याय के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने संग्रहित किए।


खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 19 जून को महराजगंज स्थित होटल ले ग्रैंड का निरीक्षण कर पनीर एवं दही का नमूना लिया। इसके अलावा श्यामदेउरवा में जायसवाल स्वीट्स से खोया तथा यादव डेयरी से पनीर का नमूना संग्रहित किया गया। वहीं भिटौली क्षेत्र के धर्मपुर स्थित उमेश किराना स्टोर से नैरिस ब्रांड घी का नमूना जांच के लिए लिया गया।


इसके पूर्व 18 जून को आनंदनगर-फरेंदा क्षेत्र में सिद्धि विनायक स्वीट्स का निरीक्षण कर पनीर और खोया के नमूने लिए गए। वहीं यादव डेयरी से पनीर और गाय के दूध का नमूना तथा महराजगंज-फरेंदा रोड स्थित न्यू पवन स्वीट्स से पनीर का नमूना संग्रहित किया गया।


खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार दोनों दिनों में कुल 10 नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी हंसराज प्रसाद, अंकित सिंह, हिमांशु जयंत एवं पवन गौड़ शामिल रहे। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *