मदनपुरा गोसदन में दो गौवंशों की मौत पर हंगामा, कार्रवाई की मांग को लेकर डटे कार्यकर्ता

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


मिठौरा/महराजगंज। मिठौरा ब्लॉक क्षेत्र के मदनपुरा गांव स्थित गोसदन में शनिवार को दो गौवंशीय पशुओं की मौत के बाद बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए अव्यवस्था और लापरवाही का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए गोसदन परिसर में जमकर हंगामा किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर पहुंचना पड़ा।


जानकारी के अनुसार, दो गौवंशों की मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में बजरंग दल कार्यकर्ता गोसदन पहुंच गए। उन्होंने आरोप लगाया कि पशुओं के रखरखाव, उपचार और देखभाल की समुचित व्यवस्था न होने के कारण लगातार गौवंशों की मौत हो रही है। कार्यकर्ताओं का कहना था कि पूर्व में भी कई पशुओं की मौत हो चुकी है, लेकिन जिम्मेदारों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।


सूचना पर तहसीलदार अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली वार्ता के बावजूद कार्यकर्ता कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।


इसी दौरान प्रशासन की ओर से मृत पशुओं को हटाने के लिए जेसीबी मशीन गोसदन पहुंची, जिसका कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। जेसीबी से शव हटाने को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में जेसीबी की सहायता से मृत पशुओं को वाहन पर लादकर बाहर भेजा गया।


मृत पशुओं को हटाए जाने के बाद भी कार्यकर्ताओं ने गोसदन में तैनात कर्मचारियों एवं अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग दोहराई। मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारी स्थिति को सामान्य बनाने में जुटे रहे।


उधर, गोसदन में तैनात पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एस.एन. भट्ट ने बताया कि दो गौवंशीय पशुओं की मौत हुई है, जबकि एक अन्य पशु का उपचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गोसदन में मौजूद 45 पशुओं में से 26 को कोट कमहरिया स्थित गौशाला भेजा जा चुका है तथा शेष पशुओं को भी स्थानांतरित करने की प्रक्रिया जारी है। इसी दौरान दो पशुओं की मौत हो गई। प्रशासन पूरे मामले की निगरानी कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *