राष्ट्रीय रोलर स्केटिंग में महराजगंज की बेटी अलीजा ने जीता स्वर्ण, अब इंडोनेशिया में लहराएंगी तिरंगा

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

नगर पंचायत परतावल में हुआ सम्मान समारोह, जनप्रतिनिधियों ने स्मृति चिन्ह देकर बढ़ाया उत्साह


परतावल/महराजगंज। नगर पंचायत परतावल की होनहार बेटी अलीजा परवीन अंसारी ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए महराजगंज का मान बढ़ाया है। गोवा में आयोजित राष्ट्रीय रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने के बाद अब उनका चयन इंडोनेशिया में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जहां वह भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।


वार्ड संख्या-15 महंथ अवैद्यनाथ नगर निवासी नौ वर्षीय अलीजा की इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी की लहर है। कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने यह साबित कर दिया कि लगन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।


अलीजा के बाबा असगर अली ने बताया कि उनके पिता अजीमूल हक और माता हाजरा खातून रोजगार के सिलसिले में गोवा में रहते हैं। अजीमूल हक पेशे से मैकेनिक हैं। अलीजा कक्षा चार की छात्रा हैं और पढ़ाई के साथ नियमित रूप से स्केटिंग का अभ्यास करती हैं। उनकी सफलता में यूनिवर्सल स्केटिंग क्लब, गोवा के कोच राजेश कुमार का विशेष योगदान रहा है।


अलीजा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर नगर पंचायत कार्यालय परतावल में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया एवं मनोनीत सभासद काशीनाथ सिंह ने अलीजा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा मिठाई खिलाकर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।


इस दौरान सतीश मद्धेशिया ने कहा कि अलीजा ने अपनी प्रतिभा और कठिन मेहनत के बल पर परतावल, महराजगंज और पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हरसंभव प्रोत्साहन और सहयोग दिया जाएगा, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम ऊंचा करें।


सम्मान समारोह में लिपिक निसार अहमद, कम्प्यूटर ऑपरेटर शिवम द्विवेदी, रोशन राजभर, राजन वर्मा, देवराज सिंह, ओसीयर यादव, अफजल खान, राजकुमार पाल, सर्वेश सिंह, सुमित सिंह, अविनाश सिंह, अमित गौण, प्रियंका पाण्डेय, ममता गौण, अरुण दुबे, अमन प्रजापति, धीरज पासवान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


क्षेत्रवासियों ने अलीजा को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वह इंडोनेशिया में भी शानदार प्रदर्शन कर भारत का तिरंगा बुलंद करेंगी और महराजगंज का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *