बागापार में सब-स्टेशन की मांग ने पकड़ा जोर, बिजली व्यवस्था सुधारने की उठी आवाज

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

जनहित संघर्ष समिति ने अधीक्षण अभियंता को सौंपा ज्ञापन, बढ़ते विद्युत भार के मद्देनजर नए उपकेंद्र या अलग फीडर की मांग

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज। बागापार क्षेत्र में लगातार बिगड़ रही विद्युत आपूर्ति को लेकर स्थानीय लोगों ने नए विद्युत उपकेंद्र की स्थापना की मांग तेज कर दी है। शुक्रवार को जनहित संघर्ष समिति के अध्यक्ष रवींद्र जैन के नेतृत्व में अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई।

ज्ञापन में बताया गया कि बागापार सहित बेलवाकाजी, विजयपुर, बरगदवा राजा, जगपुर उर्फ सलामतगढ़, केवलापुर खुर्द, परासखांड़, बड़हरा राजा, कटहरा खास समेत आसपास के कई गांवों के उपभोक्ता लंबे समय से कम वोल्टेज, बार-बार बिजली ट्रिप होने, ओवरलोडिंग तथा अनियमित आपूर्ति जैसी समस्याओं से परेशान हैं। इन परिस्थितियों का असर घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ किसानों, विद्यार्थियों और छोटे कारोबारियों पर भी पड़ रहा है।

समिति का कहना है कि क्षेत्र में उपभोक्ताओं की संख्या और बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है, जबकि मौजूदा व्यवस्था उस भार को वहन करने में सक्षम नहीं है। ऐसे में बागापार में नए सब-स्टेशन की स्थापना अथवा पृथक फीडर की व्यवस्था किए जाने से न केवल मौजूदा समस्याओं का समाधान होगा, बल्कि भविष्य की बढ़ती जरूरतों को भी पूरा किया जा सकेगा।

ज्ञापन के माध्यम से अधीक्षण अभियंता से अनुरोध किया गया कि प्रस्तावित उपकेंद्र के लिए जल्द सर्वे कराया जाए और आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रिया शुरू कर क्षेत्र के हजारों विद्युत उपभोक्ताओं को राहत दिलाई जाए। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि विभाग उनकी लंबे समय से लंबित मांग पर सकारात्मक पहल करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *