एसआईआर में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, परतावल ब्लॉक पहुंचकर कमिश्नर ने कसा शिकंजा

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

एसआईआर पर प्रशासन की पैनी नजर ,कमिश्नर तथा डीएम ने किया औचक निरीक्षण, पारदर्शिता और समयबद्धता पर जोर

महराजगंज। परतावल ब्लॉक परिसर में चल रही एसआईआर (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन रिपोर्ट) प्रक्रिया की गुरुवार को उच्चस्तरीय समीक्षा की गई। कमिश्नर अनिल ढींगरा और जिलाधिकारी संतोष शर्मा दोपहर करीब 12:30 बजे ब्लॉक कार्यालय पहुंचे और अभिलेखों की गहन पड़ताल करते हुए कार्य की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कमिश्नर अनिल ढींगरा ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिया कि एसआईआर से जुड़ा प्रत्येक कार्य पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ तय समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट तथ्यपरक होनी चाहिए और किसी भी स्तर पर लापरवाही या भ्रामक जानकारी सामने आने पर कड़ी कार्रवाई तय है।

वहीं जिलाधिकारी संतोष शर्मा ने अब तक की प्रगति की जानकारी लेते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया में गुणवत्ता और निष्पक्षता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।

इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा, खंड विकास अधिकारी संतोष यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि तैयार रिपोर्ट समय से शासन को प्रेषित की जाए, ताकि आगे की कार्रवाई में अनावश्यक विलंब न हो।

प्रशासनिक अधिकारियों के इस निरीक्षण से एसआईआर प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। प्रशासन ने दोहराया कि पूरी कार्रवाई नियमों और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार ही पूरी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *