परतावल /महराजगंज । परतावल विकासखंड के ग्राम सभा कोटवा में मंगलवार को गाटा संख्या 379 की भूमि का सीमांकन प्रशासनिक निगरानी में कराया गया। यह कार्रवाई मेहताब आलम और कुतुबुद्दीन के बीच लंबे समय से चल रहे भूमि विवाद के समाधान की दिशा में की गई, जो करीब एक वर्ष से लंबित था। एसडीएम सदर के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पैमाइश की प्रक्रिया पूरी की।
सीमांकन कार्य कानूनगो विजय तिवारी और अनिल मिश्रा की देखरेख में संपन्न हुआ। इस दौरान लेखपाल मदन गोपाल, रुद्र प्रताप और रंजन श्रीवास्तव की टीम ने तकनीकी प्रक्रिया को अंजाम दिया।
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए चौकी प्रभारी परतावल अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा व्यवस्था में कांस्टेबल राजू यादव और संतोष प्रजापति भी मौजूद रहे।
पूरी प्रक्रिया गांव के लोगों की मौजूदगी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ की गई।


