हर्षोदय टाइम्स/ बिमलेश कुमार पाण्डेय
महाराजगंज जनपद के घुघली थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरैना खंडी चौरा के मुख्य चौराहे पर शुक्रवार को तेज रफ्तार वाहनों की टक्कर ने अफरातफरी मचा दी। बाराबंकी से आलू लादकर सिसवा कस्बे की ओर जा रहा ट्रक जैसे ही चौराहे पर पहुंचा, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का डीजल टैंक फट गया और सड़क पर डीजल फैल गया, जिससे कुछ देर के लिए आवागमन बाधित हो गया। हादसे के तुरंत बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। ग्रामीणों का कहना है कि इस चौराहे पर न तो स्पीड ब्रेकर है और न ही चेतावनी संकेतक बोर्ड, जिसके चलते यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक बेपरवाह बने हुए हैं।
इस संबंध में घुघली थानाध्यक्ष कुमार गौरव सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक जांच की जा रही है। फरार पिकअप चालक की तलाश जारी है।


