हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर जनपद की सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन से संबंधित दावे और आपत्तियां 6 फरवरी 2026 तक प्राप्त की जाएंगी।
निर्वाचन आयोग द्वारा 1 फरवरी 2026 (रविवार) को संत रविदास जयंती होने के कारण विशेष अभियान दिवस आयोजित नहीं किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके क्रम में जनपद स्तर पर सुविधानुसार एक अतिरिक्त विशेष अभियान तिथि 5 फरवरी 2026 (वृहस्पतिवार) निर्धारित की गई है। इस प्रकार विशेष अभियान दिवस 31 जनवरी 2026 (शनिवार) एवं 5 फरवरी 2026 (वृहस्पतिवार) को आयोजित किए जाएंगे।
विशेष अभियान दिवसों में सभी मतदान केंद्रों पर पदाभिहीत अधिकारी पूर्वाह्न 10:30 बजे से अपराह्न 4:30 बजे तक उपस्थित रहेंगे। इन केंद्रों पर 6 जनवरी 2026 को प्रकाशित निर्वाचक नामावली के साथ-साथ फार्म-6, 6ए, 7 एवं 8 (घोषणा-पत्र सहित) की सुविधा उपलब्ध रहेगी, ताकि नागरिक आसानी से अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकें।
निर्वाचक नामावली से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय, जिला निर्वाचन कार्यालय अथवा डिस्ट्रिक्ट कॉन्टेक्ट सेंटर के टेलीफोन नंबर 05523-222242 एवं टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों में इस अवसर का लाभ उठाएं।



