महराजगंज। सदर ब्लाक क्षेत्र की ग्राम पंचायत बागापार के टोला बेलहिया में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से मुख्य सड़क पर जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। सड़क पर जमा गंदे पानी से ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार को प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और शीघ्र समाधान की मांग उठाई।
ग्रामीणों का कहना है कि हल्की बारिश होते ही सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है और कई दिनों तक पानी जमा रहता है। इससे बाइक और साइकिल सवारों के फिसलकर गिरने की घटनाएं बढ़ गई हैं, जबकि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी हो रही है तथा आसपास रहने वाले लोगों को गंदगी और दुर्गंध से जूझना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नहीं हैं। ग्रामीणों के अनुसार सड़क किनारे अतिक्रमण होने के कारण नाली निर्माण के लिए पर्याप्त स्थान नहीं बचा है, जिससे जल निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है। उनका कहना है कि यदि जल्द अतिक्रमण हटाकर नाली निर्माण नहीं कराया गया तो बरसात के मौसम में हालात और खराब हो जाएंगे।
प्रदर्शन के दौरान समाजसेवी उमेश चन्द्र मिश्र ने कहा कि गांव में मूलभूत सुविधाओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि तत्काल सर्वे कराकर स्थायी जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा सड़क किनारे हुए अतिक्रमण को हटाया जाए।
प्रदर्शन में मदन शर्मा, पारस वर्मा, अंगद वर्मा, गोलू मिश्रा, रोहित वर्मा, खेदन वर्मा, राकेश यादव, रमेश, काशी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

