हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के ग्राम धरमपुर में सागौन के कीमती पेड़ों की चोरी का मामला सामने आने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। पीड़ित किसान मनोज पुत्र बुधिराम ने आरोप लगाया है कि अज्ञात चोरों ने अलग–अलग तिथियों में उसके बगिया में लगे सागौन के पांच पेड़ों को काटकर चोरी कर लिया, लेकिन स्थानीय पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

जानकारी के अनुसार, पहली घटना 28 दिसंबर 2025 की रात हुई, जब दो सागौन के पेड़ काट लिए गए। इसके बाद 19 जनवरी 2026 की रात पुनः तीन सागवान के पेड़ों को निशाना बनाया गया। सभी पेड़ लगभग दस वर्ष पुराने बताए जा रहे हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब पचास हजार रुपये आंकी गई है।
पीड़ित मनोज का कहना है कि घटना की लिखित सूचना समय रहते थाना भिटौली को दी गई थी, इसके बावजूद न तो मुकदमा दर्ज किया गया और न ही चोरों की तलाश शुरू हुई। पुलिस की इस उदासीनता से निराश होकर उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री जनसुनवाई (आईजीआरएस) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत संख्या 40018726001688 के माध्यम से पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर अज्ञात चोरों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए तथा सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं और बढ़ सकती हैं।


