हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत परतावल के वार्ड नंबर 6 सरजू टोला में मंगलवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे में 15 वर्षीय किशोर की करंट लगने से मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब किशोर अपने घर के अंदर मोबाइल फोन चार्ज कर रहा था।
मृतक की पहचान अंकुश राजभर पुत्र गोविंद राजभर के रूप में हुई है। वह आज़ाद नगर (कुर्मी टोला) वार्ड नंबर 6 का निवासी था और पी.एन.के. इंटरमीडिएट कॉलेज में कक्षा 7 का छात्र था। बताया जा रहा है कि अंकुश अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना के बाद परिजन और आसपास के लोग आनन-फानन में अंकुश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की असामयिक मौत से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना पर परतावल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
इस संबंध में एसडीओ मयंक अग्रवाल ने बताया कि जांच के लिए लाइनमैन को मौके पर भेजा गया था, जिसमें यह पुष्टि हुई कि किशोर की मौत घर के अंदर करंट लगने से ही हुई है।


