हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
घुघली / महराजगंज। विकासखंड घुघली के ग्राम अमवां स्थित प्राथमिक विद्यालय में छात्रों की बेहद कम उपस्थिति प्रशासन के लिए चिंता का विषय बन गई। विद्यालय में नामांकन और उपस्थिति में लगातार गिरावट को लेकर ग्रामीणों का सब्र शुक्रवार को जवाब दे गया, जब स्कूल में मात्र तीन बच्चे मौजूद पाए गए।
ग्रामीणों ने इसे शैक्षिक लापरवाही बताते हुए विद्यालय की प्रधानाध्यापिका प्रीति वर्मा पर गंभीर आरोप लगाए और उन्हें हटाने की मांग उठाई। इस संबंध में ग्रामीणों द्वारा खंड शिक्षा अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए खंड शिक्षा अधिकारी चंद्रभूषण पांडे ने तत्काल जांच कर त्वरित कार्रवाई की। जांच के बाद प्रधानाध्यापिका प्रीति वर्मा को अमवां विद्यालय से हटाकर प्राथमिक विद्यालय भैंसी में स्थानांतरित कर दिया गया। वहीं, अमवां विद्यालय के शेष बच्चों की शैक्षिक जिम्मेदारी फिलहाल शिक्षामित्र को सौंपी गई है।
इस कार्रवाई के दौरान गांव में शिक्षा व्यवस्था को लेकर गहन चर्चा देखी गई। मौके पर ग्राम प्रधान गुड्डू वर्मा, क्षेत्र पंचायत सदस्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण पुरुष व महिलाएं उपस्थित रहीं। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन की इस पहल से विद्यालय में नामांकन और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा।


