हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महाराजगंज। भारत के 76वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर विजन एकेडमी के विद्यार्थियों द्वारा प्रभात भेरी के अंतर्गत भव्य एवं राष्ट्रभाव से ओत-प्रोत तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर से निकली यह तिरंगा यात्रा आसपास के क्षेत्रों से गुजरते हुए देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रीय गौरव का संदेश देती रही। बच्चों के हाथों में लहराते तिरंगे और गूंजते देशभक्ति नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रमय हो उठा।

कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत ध्वजारोहण के साथ हुई। विद्यालय के निदेशक डॉ. अभिषेक पांडेय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराते हुए उपस्थित लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों की याद दिलाता है। आज के विद्यार्थी ही भविष्य के जिम्मेदार नागरिक हैं, जिनमें अनुशासन, त्याग और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करना आवश्यक है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य राहुल सिंघानिया ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि हमारे बलिदान, संघर्ष और एकता का प्रतीक है। विद्यार्थियों में देशप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना जागृत करना ही ऐसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बच्चों द्वारा प्रस्तुत अनुशासित मार्च पास्ट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना की।
प्रभात भेरी के दौरान विद्यार्थियों ने आकर्षक देशभक्ति प्रस्तुतियों, स्टंट और अनुशासित मार्च के माध्यम से शौर्य, बलिदान, राष्ट्रीय एकता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों का संदेश दिया। देशभक्ति गीतों और नारों ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।

विद्यालय के प्रबंधक एडवोकेट डॉ. प्रणव जी. श्रीवास्तव एवं विद्यालय सचिव एडवोकेट विभव जी. श्रीवास्तव ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, नेतृत्व और अनुशासन की भावना को सुदृढ़ करते हैं तथा संस्कारयुक्त शिक्षा का सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी उपस्थित रहे, जिनमें टी.एन. पटेल, जे.बी. सिंह, पी.एस. सिंह, श्रवण अग्रहरि, अज़हर, सुहैल, ए.के. मिश्रा, आर.एम. पाठक, अर्चना, वीणा, उमा, शिवांगी, कोमल, प्रियंका, नमिता, करिश्मा, पंकज, साधना, अभय मिश्रा सहित अन्य स्टाफ सदस्य शामिल रहे। सभी ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
विजन एकेडमी में आयोजित यह प्रभात भेरी एवं तिरंगा यात्रा न केवल गणतंत्र दिवस उत्सव का प्रतीक बनी, बल्कि विद्यार्थियों में देशभक्ति, एकता और संविधान के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सशक्त करने में भी सफल रही।





