हर्षोदय टाइम्स / बिमलेश कुमार पाण्डेय
महराजगंज। जनपद के घुघली विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत महावनखोर उर्फ बड़हरा के पंचायत भवन पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर पंचायत भवन पर फहराया गया तिरंगा निर्धारित नियमों के अनुरूप न होने से प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार पंचायत भवन पर लगाया गया ध्वज न तो खंभे के शीर्ष पर विधिवत स्थापित किया गया था और न ही उसकी स्थिति सम्मानजनक प्रतीत हो रही थी। ध्वज एक टेढ़े खंभे पर अधूरा बंधा हुआ दिखाई दिया, जो भारत के ध्वज संहिता (Flag Code of India) के स्पष्ट निर्देशों का उल्लंघन है।
ध्वज संहिता के अनुसार राष्ट्रीय ध्वज को सदैव सीधा, स्वच्छ एवं मजबूत खंभे पर पूर्ण सम्मान के साथ फहराया जाना चाहिए तथा यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि ध्वज किसी भी स्थिति में भूमि या किसी वस्तु को न छुए। लेकिन पंचायत भवन पर तिरंगे की स्थिति इन मानकों के विपरीत पाई गई।
मामले को लेकर स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। नागरिकों ने जिला प्रशासन से प्रकरण का संज्ञान लेकर जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय ध्वज देश की अस्मिता और सम्मान का प्रतीक है, इसके साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं हो सकती।




