महराजगंज। श्यामदेउरवां चौराहे पर बाइक खड़ी करने को लेकर हुए विवाद ने शनिवार शाम देखते-देखते मारपीट का रूप ले लिया। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल छह युवकों को हिरासत में लेकर शांति भंग की धारा में चालान किया है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज सोमेन्द्र मीणा के निर्देश पर थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 24 जनवरी की शाम करीब सात बजे श्यामदेउरवां चौराहे पर मोटरसाइकिल खड़ी करने की बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका उत्पन्न हो गई।
सूचना मिलते ही उप निरीक्षक अंजनी कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। मारपीट में संलिप्त युवकों अनूप गुप्ता, लक्की मद्धेशिया, अभय मद्धेशिया, रबी प्रकाश, सर्वेश तथा नंदू कुमार को हिरासत में लिया गया। सभी आरोपी थाना श्यामदेउरवां क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। नंदू कुमार ग्राम पंचायत रामपुर चकिया का निवासी है, जो रिश्तेदारी में श्यामदेउरवां आया हुआ था।
पुलिस के मुताबिक घटना का वीडियो सामने आने के बाद दोनों पक्षों की भूमिका की जांच की गई। इसके आधार पर एक पक्ष से लकी, अनूप व अभय तथा दूसरे पक्ष से रवि, नंदू व सर्वेश के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए चालान किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों को शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से माननीय न्यायालय भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक अंजनी कुमार, उप निरीक्षक शिवानन्द सिंह, कांस्टेबल धीरज गिरि, कांस्टेबल सोनू सिंह यादव एवं कांस्टेबल अविनाश सिंह शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



