हर्षोदय टाइम्स / विवेक कुमार पाण्डेय
परतावल/महराजगंज। विद्युत कार्य के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हरपुर तिवारी फीडर के लाइनमैनों और फीडर प्रभारियों को सोमवार को आधुनिक सेफ्टी किट वितरित की गई। इस किट में हेलमेट, ग्लैप्स, वोल्टेज डिटेक्टर, सेफ्टी बेल्ट, सुरक्षा जूते समेत कई आवश्यक उपकरण शामिल हैं, जो बिजली कर्मियों को कार्य के दौरान दुर्घटनाओं से बचाने में मदद करेंगे।
अवर अभियंता कमलेश चौधरी ने इस मौके पर कहा कि बिजली का काम स्वभाव से ही जोखिमपूर्ण होता है और थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। उन्होंने सभी कर्मियों से आग्रह किया कि ड्यूटी के समय इन सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने पर न केवल जान का खतरा बढ़ता है, बल्कि कार्य की गुणवत्ता पर भी असर पड़ता है।
इस पहल से फीडर क्षेत्र में कार्यरत बिजली कर्मियों को सुरक्षा का मजबूत कवच मिलेगा और कार्यस्थल पर होने वाली दुर्घटनाओं की संभावना में कमी आएगी। ग्रामीणों ने भी इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि इससे न केवल कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि बिजली आपूर्ति व्यवस्था भी अधिक सुचारू रूप से चल सकेगी।

