हर्षोदय टाइम्स / सुभाष पटेल
पनियरा /महराजगंज। पूर्व माध्यमिक एवं प्राथमिक विद्यालय जड़ार, क्षेत्र पनियरा, जनपद महराजगंज में शुक्रवार को महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती एवं विद्या की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती की पूजा संयुक्त रूप से श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ नेताजी सुभाषचंद्र बोस एवं मां सरस्वती के चित्र पर धूप-दीप प्रज्वलन तथा माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सेवामुक्त शिक्षक जगदीश पाण्डेय उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शिक्षक प्रमोद कुमार पटेल, नागेन्द्र, ग्राम प्रधान ढुनमन सहित छात्र-छात्राओं ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
मुख्य अतिथि श्री जगदीश पाण्डेय ने अपने संबोधन में नेताजी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन देशभक्ति, अनुशासन और त्याग की अनुपम मिसाल है। उन्होंने विद्यार्थियों से नेताजी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
वहीं शिक्षक प्रमोद कुमार पटेल एवं नागेन्द्र ने भी नेताजी के संघर्षमय जीवन, आजाद हिंद फौज के गठन तथा राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार एवं छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही। पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति एवं विद्या के प्रति समर्पण की भावना से ओतप्रोत दिखाई दिया।


