निजी वाहन से पहुंचाए गए अस्पताल जिसके बाद जिला अस्पताल महराजगंज को किया गया रेफर
महराजगंज। पारिवारिक विवाद के चलते गुरुवार को एक दंपती ने जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के बाद दोनों की हालत गंभीर हो गई। आनन-फानन में परिजनों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला कुशीनगर जिले के खड्डा थाना क्षेत्र के मदनपुर भेड़िहारी गांव का है। यहां के निवासी गोलू उर्फ मुद्रिका साहनी (26) पुत्र विश्वनाथ साहनी और उनकी पत्नी रिंकू देवी (23) के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया।
जहर खाने के कुछ देर बाद दोनों की हालत बिगड़ने लगी। परिवार के लोगों ने बिना देर किए उन्हें निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल दोनों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।


 
	 
						 
						