हर्षोदय टाइम्स/ सुनील मणि त्रिपाठी
फरेन्दा/महराजगंज। फरेन्दा तहसील अंतर्गत वृजमनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा वरडाड़ निवासी एक महिला की शिकायत पर मारपीट सहित गंभीर अपराधों में चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता द्वारा मुख्यमंत्री, पुलिस अधीक्षक महराजगंज सहित अन्य उच्चाधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की गई थी, जिस पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने कार्रवाई की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता पानमती के प्रार्थना पत्र पर वृजमनगंज थाना में अपराध संख्या 0014, दिनांक 20 जनवरी 2026 को धारा 74, 76, 309(4), 115, 125, 352, 333, 35(3) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने ग्राम वरडाड़ निवासी रमाकांत पुत्र अज्ञात, मनरावती पत्नी ग्रीस, लालू एवं रोशनी पुत्र/पुत्री ग्रीस के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।
पीड़िता पानमती ने प्राथमिकी एवं प्रार्थना पत्र की प्रतियां उपलब्ध कराते हुए आरोप लगाया है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आरोपीगण उसे लगातार धमकी दे रहे हैं, जिससे वह भय के माहौल में जीवन व्यतीत कर रही है। पीड़िता ने प्रशासन से अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कराने तथा आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, इस संबंध में पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपों की जांच की जा रही है। दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


