धानी बाजार स्थित सीएचसी में आरटीआई के तहत मांगी गई जानकारी न मिलने से उठे सवाल

हर्षोदय टाइम्स/सुनील मणि त्रिपाठी
फरेन्दा /महराजगंज।फरेन्दा तहसील अंतर्गत धानी बाजार में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) एक बार फिर चर्चाओं में है। इस बार मामला जनसूचना अधिकार (आरटीआई) अधिनियम के उल्लंघन का सामने आया है। स्थानीय नागरिक विश्व विजय तिवारी द्वारा मांगी गई जनसूचनाओं पर समय से जवाब न मिलने से प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विश्व विजय तिवारी ने दिनांक 30 अगस्त 2025 को अध्यक्ष/जिलाधिकारी महराजगंज को संबोधित करते हुए कुल छह बिंदुओं पर जनसूचना मांगी थी। लेकिन कई माह बीत जाने के बावजूद संबंधित जनसूचना अधिकारी द्वारा कोई ठोस सूचना उपलब्ध नहीं कराई गई, जिससे शिकायतकर्ता निराश है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्होंने अपने प्रार्थना पत्र में विशेष रूप से आरबीएसके के संविदा डॉक्टर नीरज सिंह के विरुद्ध की गई कार्रवाई से संबंधित जानकारी मांगी थी। इसके अलावा, अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई सुनवाई में क्या निर्णय लिया गया, इस संबंध में भी विवरण मांगा गया था। बावजूद इसके, किसी भी बिंदु पर स्पष्ट सूचना नहीं दी गई।
विश्व विजय तिवारी ने आरोप लगाया कि जनसूचना अधिकारी द्वारा जानबूझकर जानकारी रोकी जा रही है, जो कि आरटीआई अधिनियम की मूल भावना के खिलाफ है। उन्होंने मांग की है कि संबंधित अधिकारी तत्काल सभी बिंदुओं पर सूचना उपलब्ध कराएं, अन्यथा वह उच्च स्तर पर शिकायत करने को मजबूर होंगे।
स्थानीय लोगों का भी कहना है कि यदि जनसूचना अधिकार जैसे पारदर्शिता के कानून का पालन नहीं किया जाएगा, तो आम नागरिकों का प्रशासन पर से विश्वास उठ जाएगा। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और कब तक मांगी गई सूचनाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।


